पश्चिम बंगाल में नगर निगम भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने की छापेमारी
पश्चिम बंगाल में नगर निगम भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय ने की छापेमारी
कोलकाता, 28 अक्टूबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पश्चिम बंगाल में नगर निगम भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में मंगलवार को शहर भर में कई स्थानों पर छापेमारी की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने बेलेघाटा में हेमचंद्र नस्कर रोड स्थित एक मकान सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की।
एजेंसी को हाल में इस मामले में नए सुराग मिले हैं जिनमें ‘‘भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं’’ से कथित रूप से जुड़ी कई कंपनियों के नाम सामने आए हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इन सूचनाओं के आधार पर हमारे अधिकारियों की एक टीम ने 75, हेमचंद्र नस्कर रोड पर छापेमारी की।’’
उन्होंने बताया कि यह घर दो भाइयों- बिस्वजीत चौधरी और रंजीत चौधरी का है। बड़ा भाई कपड़ा व्यवसाय से जुड़ा है, जबकि छोटा भाई निर्माण एवं रियल एस्टेट क्षेत्र से जुड़ा है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह शुरू हुई छापेमारी के दौरान केंद्रीय बलों के जवान सुरक्षा के लिए मौजूद थे।
केंद्रीय एजेंसी नगर निगम भर्ती भ्रष्टाचार मामले की जांच कई महीनों से कर रही है और अयान सील सहित कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
प्रवर्तन निदेशालय ने इस महीने की शुरुआत में राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा मंत्री सुजीत बोस के साल्ट लेक कार्यालय और उनके बेटे के स्वामित्व वाले एक रेस्तरां समेत कोलकाता में कई अन्य स्थानों पर अपनी जांच के तहत छापे मारे थे।
भाषा सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


