निष्कासित कांग्रेस नेता के वी थॉमस ने केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए सतीशन का समर्थन किया

निष्कासित कांग्रेस नेता के वी थॉमस ने केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए सतीशन का समर्थन किया

निष्कासित कांग्रेस नेता के वी थॉमस ने केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए सतीशन का समर्थन किया
Modified Date: May 7, 2026 / 03:13 pm IST
Published Date: May 7, 2026 3:13 pm IST

कोच्चि, सात मई (भाषा) वर्ष 2022 में कांग्रेस से निष्कासित कर दिये गये वरिष्ठ नेता के वी थॉमस ने बृहस्पतिवार को कहा कि वी डी सतीशन केरल के मुख्यमंत्री पद के लिए उपयुक्त व्यक्ति हैं, क्योंकि 2021 से उन्होंने हाल के विधानसभा चुनाव समेत विभिन्न चुनावों में विपक्ष के नेता के रूप में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है।

थॉमस ने एक टीवी चैनल से बातचीत में यह भी कहा कि उनके छात्र सतीशन मेहनती हैं और लोग उन्हें मुख्यमंत्री बनते हुए देखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वे (कांग्रेस) लोगों की राय को नजरअंदाज नहीं कर सकते। उन्होंने (सतीशन) विपक्ष के नेता के रूप में अपने कर्तव्यों का बखूबी निर्वाह किया। उन्होंने कई उपचुनावों, स्थानीय निकाय चुनावों और विधानसभा चुनाव में (संयुक्त लोकतांत्रिक) मोर्चा का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया।’’

थॉमस को 2022 में कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया था क्योंकि उन्होंने पार्टी के निर्देश का उल्लंघन करते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यक्रम में भाग लिया था।

बाद में (वाम लोकतांत्रिक) मोर्चा सरकार ने उन्हें नयी दिल्ली में राज्य के विशेष प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त किया।

केरल के मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सतीशन, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला और पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल शामिल हैं।

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) ने बृहस्पतिवार को एक बैठक की और प्रस्ताव पारित कर आलाकमान को यह तय करने के लिए अधिकृत किया कि मुख्यमंत्री कौन होगा।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन


लेखक के बारे में