चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर धमाका, कोई हताहत नहीं
चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय के बाहर धमाका, कोई हताहत नहीं
(फोटो सहित)
चंडीगढ़, एक अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के कार्यालय के बाहर बुधवार शाम हुए विस्फोट से अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि धमाका किसी देसी उपकरण के फेंके जाने से हुआ प्रतीत होता है। किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम विस्फोट की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि विस्फोट शाम करीब पांच बजे हुआ।
विस्फोट में सेक्टर 37 में इमारत के बाहर खड़ा एक स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कंवरदीप कौर ने पत्रकारों को बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि एक छोटा, देसी किस्म का कुछ उपकरण फेंका गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमें शाम करीब पांच बजे सूचना मिली कि भाजपा के प्रदेश कार्यालय के पास विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘क्राइम ब्रांच और ऑपरेशन सेल भी यहां पहुंच गई है।’’ उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय फॉरेंसिक प्रयोगशाला की एक टीम को भी घटनास्थल पर भेजा गया है।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख विनीत जोशी ने कहा, ‘‘हमने विस्फोट की आवाज सुनी। यह कैसे हुआ? हमें चारदीवारी पर कुछ निशान दिखाई दिए। पुलिस ही विस्तृत जानकारी दे सकती है।’’
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘पार्टी कार्यालय के बाहर विस्फोट होना चिंता का विषय है।’’
इस क्षेत्र में लॉ भवन और एक पेट्रोल पंप भी स्थित है।
भाषा आशीष रंजन
रंजन

Facebook


