गौतमबुद्ध नगर में सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, महिला घायल

गौतमबुद्ध नगर में सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, महिला घायल

गौतमबुद्ध नगर में सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौत, महिला घायल
Modified Date: May 27, 2026 / 12:53 pm IST
Published Date: May 27, 2026 12:53 pm IST

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 27 मई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले के रबूपुरा क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार यह घटना मंगलवार को चचूरा-दनकौर मार्ग पर हुई जब अलीगढ़ जिले टप्पल थाना क्षेत्र के मानपुर निवासी ओमप्रकाश (50) अपनी पत्नी देवेंद्री (48) और पुत्र अनिल (21) के साथ मोटरसाइकिल से बुलंदशहर जा रहे थे तभी उनका दोपहिया वाहन बीच सड़क पर खड़े एक डंपर से टकरा गया।

रबूपुरा थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े और इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बुलंदशहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओमप्रकाश और अनिल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवेंद्री को बाद में ग्रेटर नोएडा के कांशीराम अस्पताल रेफर किया गया।

शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। उन्होंने बताया कि वाहन के पास कोई चालक मौजूद नहीं था और उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।

उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

भाषा सं तान्या खारी

खारी


लेखक के बारे में