राजस्थान के सभी बड़े अस्पतालों में ‘फीडबैक सिस्टम’ लागू होगा

राजस्थान के सभी बड़े अस्पतालों में 'फीडबैक सिस्टम' लागू होगा

राजस्थान के सभी बड़े अस्पतालों में ‘फीडबैक सिस्टम’ लागू होगा
Modified Date: December 2, 2025 / 07:38 pm IST
Published Date: December 2, 2025 7:38 pm IST

जयपुर, दो दिसंबर (भाषा) राजस्थान के सभी बड़े अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं में व्यापक सुधार की दृष्टि से प्रभावी ‘फीडबैक सिस्टम’ लागू किया जाएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि इससे अस्पतालों में आने वाले रोगी एवं उनके परिजन वहां मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अपना ‘फीडबैक’ (अपनी राय) दे सकेंगे।

इस ‘फीडबैक’ के आधार पर अस्पताल प्रशासन आवश्यक सुधार कर व्यवस्थाओं को रोगियों के अनुकूल बनाएगा। इस प्रणाली की उच्च स्तर से नियमित निगरानी भी की जाएगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने मंगलवार को जेके लोन अस्पताल के औचक निरीक्षण के दौरान इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ एवं सुगम बनाने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। अधिकारी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि अस्पतालों में व्यवस्थाएं रोगी अनुकूल हो, ताकि रोगियों एवं उनके परिजनों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ प्रथम चरण में मेडिकल कॉलेजों से संबद्ध अस्पतालों में ‘फीडबैक सिस्टम’ अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे रोगियों एवं परिजनों को अस्पतालों में आने वाली कठिनाइयों की वास्तविक जानकारी मिल सकेगी। साथ ही, उनके सुझावों के आधार पर जरूरी सुधार किए जा सकेंगे।

आधिकारिक बयान के अनुसार राठौड़ ने जेके लोन अस्पताल के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने अस्पताल में मानव संसाधन की स्थिति, विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों के संचालन की स्थिति, जांच, दवा एवं उपचार की व्यवस्थाओं के बारे में पूछा और सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

भाषा

पृथ्वी

रवि कांत


लेखक के बारे में