वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचनाओं को खारिज किया

वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचनाओं को खारिज किया

वित्त मंत्री सीतारमण ने केंद्रीय बजट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचनाओं को खारिज किया
Modified Date: February 4, 2026 / 04:29 pm IST
Published Date: February 4, 2026 4:29 pm IST

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय बजट को लेकर की गई आलोचनाओं को ‘‘जानकारी का अभाव’’ बताते हुए खारिज कर दिया और उन्हें चुनौती दी कि वह उनके सामने खड़े होकर बजट में खामियों के अपने दावों को दस्तावेजों के आधार पर साबित करें।

गांधी के इस आरोप का जवाब देते हुए कि बजट में बेरोजगारी, ग्रामीण संकट और विनिर्माण क्षेत्र में मंदी को नजरअंदाज किया गया है, सीतारमण ने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि इन आरोपों का ‘‘बिल्कुल कोई आधार नहीं’’ है और उन्होंने कांग्रेस नेता पर बिना किसी ठोस आधार के व्यापक दावे करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें चुनौती देती हूं कि वह बजट में ऐसा कोई पैरा दिखाएं जो इन आरोपों का समर्थन करता हो।’’

उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के कौशल विकास, उद्यमिता और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों पर ध्यान केंद्रित किया है।

सीतारमण ने बजट का विवरण भी दिया, जिसमें कृषि और ग्रामीण रोजगार के लिए पारंपरिक समर्थन के साथ-साथ उभरती श्रम बाजार की जरूरतों को पूरा करने के लिए कौशल विकास और युवा-केंद्रित प्रशिक्षण ढांचे को नये सिरे से बढ़ावा देने का प्रावधान है।

गांधी द्वारा की गई आलोचना के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा कि यदि वह इसका जवाब देंगी तो वह एक ऐसे आरोप को विश्वसनीयता प्रदान करेंगी जिसका कोई आधार ही नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चाहूंगी कि वह बजट में मौजूद उन सभी कमियों को स्पष्ट रूप से बताएं, जिन्हें वह बजट के संबंध में पेश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस संबंध में उन्हें चुनौती देती हूं।’’

सीतारमण ने कहा कि एक अप्रैल से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए उनके बजट में युवाओं को प्रशिक्षण देने, उन्हें उद्यमी बनने के अवसर प्रदान करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रावधान किये गये हैं कि इन सभी चीजों में एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) को नजरअंदाज न किया जाये।

अमेरिका के टैरिफ (शुल्क) में कटौती की घोषणा के बाद गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भारतीय किसानों को ‘‘बेचने’’ का आरोप लगाये जाने के संबंध में पूछे जाने पर, सीतारमण ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि वाणिज्य मंत्री इस मुद्दे पर संसद में बयान देंगे।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में