ओडिशा में केरल के श्रमिक पर हमले के आरोप में पांच गिरफ्तार
ओडिशा में केरल के श्रमिक पर हमले के आरोप में पांच गिरफ्तार
संबलपुर, 23 जून (भाषा) ओडिशा के संबलपुर जिले में केरल के एक प्रवासी श्रमिक को चोर समझकर उसके साथ मारपीट करने के आरोप में मंगलवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 21 जून को खेतराजपुर थाना क्षेत्र के धोबापाड़ा इलाके में हुई, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने प्रवासी श्रमिक का पीछा किया, उसे पीटा, सड़क पर घसीटा, अपशब्द कहे और धमकाया।
उसने बताया कि पुलिस की एक टीम ने समय पर हस्तक्षेप किया, पीड़ित को बचाया और घटना को संभावित भीड़ हत्या का रूप लेने से रोका।
पुलिस के मुताबिक, घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उसने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शीबा गंडा (22), पृथ्वी नाग (28), सुशांत सुना (38), सचींद्र पांडे (33) और सरोज मेहर (36) के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा, “संबलपुर पुलिस इस बात को फिर दोहराती है कि भीड़ हिंसा और अन्य आपराधिक कृत्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और जो लोग कानून को अपने हाथ में लेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
भाषा पारुल माधव
माधव

Facebook


