अधिकारी आत्महत्या मामला: पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार

अधिकारी आत्महत्या मामला: पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार

अधिकारी आत्महत्या मामला: पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार
Modified Date: March 23, 2026 / 04:40 pm IST
Published Date: March 23, 2026 4:40 pm IST

चंडीगढ़, 23 मार्च (भाषा) पंजाब राज्य भंडारण निगम के एक अधिकारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी राज्य के पूर्व मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। यह जानकारी सूत्रों ने दी।

अमृतसर स्थित पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने भुल्लर पर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। भुल्लर ने विवाद के बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर उसी दिन मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

पुलिस ने शनिवार रात भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी) और 3 (5) (सामान्य इरादा) के तहत एक मामला दर्ज किया था।

सोमवार को दिन में रंधावा के परिवार ने पंजाब सरकार को भुल्लर को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था।

रंधावा के परिवार ने पहले ही कह दिया था कि भुल्लर की गिरफ्तारी तक वे पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार नहीं होने देंगे।

रंधावा के परिवार ने सोमवार को अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए भुल्लर की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराजगी जतायी और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

रंधावा की पत्नी एवं विज्ञान की शिक्षिका उपिंदर कौर ने कहा, ‘‘मेरा अल्टीमेटम है कि अगर 24 घंटे के भीतर कुछ नहीं किया गया, तो मैं अपने बच्चों (दो बेटियों और एक बेटे) के साथ सड़क पर उतर जाऊंगी।’’

सोमवार को सोशल मीडिया पर एक कथित सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें रंधावा जहरीला पदार्थ खाते दिखे थे।

विपक्षी दलों ने पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में