महराजगंज में ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर, चार युवकों की मौत
महराजगंज में ट्रक और मोटरसाइकिल की टक्कर, चार युवकों की मौत
महराजगंज (उप्र), 18 अगस्त (भाषा) महाराजगंज जिले में निचलौल-महराजगंज मार्ग पर मंगलवार को मोटरसाइकिल और ट्रक की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चारों युवक जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। भारत गैस एजेंसी के पास उनकी मोटरसाइकिल की ट्रक से टक्कर हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
टक्कर के बाद ट्रक भी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक किसी अन्य वाहन या मोटरसाइकिल से बचने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, दुर्घटना के सही कारण का अभी पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
मृतकों की पहचान निचलौल थाना क्षेत्र के पचमा गांव के केवटानी टोले निवासी शिव निषाद (18), उनके भाई विवेक निषाद (20), सनी (22) और किशन निषाद (19) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि शिव और विवेक सगे भाई थे।
भाषा सं. जफर खारी
खारी

Facebook


