सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से साफ हुआ कि ‘आप’ सरकार में कोई एसटीपी क्यों नहीं बना: मल्होत्रा
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी से साफ हुआ कि ‘आप’ सरकार में कोई एसटीपी क्यों नहीं बना: मल्होत्रा
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आरोप लगाया है कि पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल में राष्ट्रीय राजधानी में एक भी जलमल शोधन संयंत्र (एसटीपी) स्थापित नहीं किया गया और दिल्ली जल बोर्ड के निविदा प्रक्रिया से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी इसका सबूत है।
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) ने एसटीपी परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया में कथित भ्रष्टाचार के मामले में दिल्ली की पूर्ववर्ती ‘आप’ सरकार में मंत्री रहे जैन और दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के पूर्व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) उदित प्रकाश राय को गिरफ्तार किया है।
मल्होत्रा ने एक बयान में कहा, ‘‘एसटीपी घोटाले और इसके सिलसिले में हुई गिरफ्तारियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि केजरीवाल सरकार के 10 साल के शासन के दौरान किसी भी नाले पर एक भी एसटीपी क्यों नहीं लगाया गया और इन दस वर्षों में यमुना और अधिक प्रदूषित क्यों हो गई।’’
मल्होत्रा ने कहा कि ‘आप’ प्रमुख अरविंद केजरीवाल को सामने आना चाहिए और अपनी सरकार द्वारा किए गए अपराधों को स्वीकार करना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि कानून कुछ समय ले सकता है लेकिन जैन को सजा जरूर मिलेगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एसीबी द्वारा जैन, राय और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारियां 11 मई 2024 को दर्ज मामले की गहन जांच के बाद की गई हैं।
उन्होंने कहा कि एक बार फिर दिल्ली में केजरीवाल की (पूर्ववर्ती) ‘आप’ सरकार का ‘‘काला चेहरा’’ बेनकाब हो गया है।
‘आप’ प्रमुख केजरीवाल ने दावा किया कि यह एक ‘‘फर्जी’’ मामला है, ठीक वैसे ही जैसे जैन के खिलाफ पिछला मामला भी ‘‘मनगढ़ंत’’ था।
उन्होंने कहा कि ताजा मामला भी आखिर में झूठा साबित होगा।
भाषा खारी वैभव
वैभव

Facebook


