छत्तीसगढ़ के दुर्ग में घर में आग लगने के बाद एक परिवार के चार सदस्यों की झुलसकर मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में घर में आग लगने के बाद एक परिवार के चार सदस्यों की झुलसकर मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में घर में आग लगने के बाद एक परिवार के चार सदस्यों की झुलसकर मौत
Modified Date: May 13, 2026 / 12:10 am IST
Published Date: May 13, 2026 12:10 am IST

दुर्ग, 12 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मंगलवार को एक मकान में आग लगने और रसोई गैस सिलेंडर फटने के कारण दो नाबालिग समेत एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को सरकार और जिला प्रशासन की ओर से नौ-नौ लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना कुम्हारी शहर के खपरी रोड इलाके में दोपहर के समय हुई।

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान होमदास वैष्णव (40), लक्ष्मी वैष्णव (18), चांदनी (17) और गोपिका (दो) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर ऐसा लगता है कि शार्ट सर्किट की वजह से पहले घर में आग लगी और उसके बाद रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिसके कारण घर में मौजूद चारों लोगों की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही कुम्हारी पुलिस थाने के जवान, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल की टीमें और बचावकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने तथा बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारी ने बताया कि एक फोरेंसिक दल ने घटनास्थल का मुआयना किया है। आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने संवाददाताओं को बताया कि घर के पास लगे बिजली के खंभे से चिंगारी निकलती देखी गई, संभवत: इसी वजह से आग लगी और उसके बाद सिलेंडर में धमाका हो गया। हालांकि, आग लगने कारणों की स्पष्ट तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस कठिन समय में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है।’’

उन्होंने अधिकारियों को परिजनों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की विशेष सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह राशि शासन के नियमानुसार दी जाने वाली चार-चार लाख रुपये की सहायता के अतिरिक्त होगी।

भाषा सं संजीव खारी

खारी


लेखक के बारे में