अशोक विहार में पांच स्कूटरों को आग लगने के मामले में तीन नाबालिग समेत चार पकड़े
अशोक विहार में पांच स्कूटरों को आग लगने के मामले में तीन नाबालिग समेत चार पकड़े
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक विहार इलाके में पांच स्कूटरों को आग लगाने के आरोप में 18 वर्षीय आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सागर के तौर पर हुई है जो वजीरपुर का रहने वाला है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस घटना को लेकर आशीष नामक व्यक्ति की शिकायत पर अशोक विहार थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उत्तर पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव के मुताबिक, लगातार पूछताछ के दौरान आरोपी सागर ने खुलासा किया कि शिकायतकर्ता अक्सर उसे और उसके दोस्तों को धमकाता था एवं मारपीट करता था। यादव के मुताबिक पूछताछ में सागर ने बताया कि घटना वाले दिन भी शिकायतकर्ता ने उसे कथित रूप से डांटा और अपमानित किया, जिससे वह अत्यधिक गुस्से में आ गया।
उन्होंने बताया कि इसका बदला लेने के लिए आरोपी ने 11 मई की देर रात अपने नाबालिग साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता की स्कूटर में आग लगा दी जिससे पास में खड़े अन्य स्कूटर भी आग की चपेट में आ गए और क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी सागर आदतन अपराधी पाया गया, जो पूर्व में दो आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


