देहरादून में गोलीबारी में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की अंत्येष्टि, तीन और लोग गिरफ्तार
देहरादून में गोलीबारी में जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की अंत्येष्टि, तीन और लोग गिरफ्तार
देहरादून, एक अप्रैल (भाषा) देहरादून में दो कारों में सवार लोगों के बीच हुई गोलीबारी की चपेट में आकर जान गंवाने वाले सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी का बुधवार को यहां अंतिम संस्कार कर दिया गया।
श्मशान में गमगीन माहौल के बीच जोशी के बेटे ने उनकी चिता को मुखाग्नि दी ।
इस बीच पुलिस ने मामले में शामिल तीन और लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जोशी (74) सोमवार सुबह मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव में सैर पर निकले थे जहां फार्च्यूनर और स्कॉपियो कार में सवार दो गुटों के बीच विवाद के बाद हुई गोलीबारी के दौरान गोली लगने से उनकी मौत हो गई थी।
इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के जोहड़ी गांव के तुला अपार्टमेंट में स्थित जोशी के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके शोकाकुल परिजन को सांत्वना दी।
इस बीच, पुलिस ने यहां बताया कि संभावित ठिकानों पर लगातार दी जा रही दबिश के बाद उसने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले घटना वाले दिन पुलिस ने दोनों पक्षों के चार आरोपियों संदीप कुमार, रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक तथा और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान स्कॉर्पियो में सवार चार अन्य आरोपियों शांतनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी, वैभव और फार्च्यूनर कार सवार में दो आरोपियों आदेश गिरि और मोहित अरोड़ा के बारे में पता चला था।
पुलिस ने बताया कि संभावित ठिकानों पर लगातार दी जा रही दबिश के बाद उत्तर प्रदेश के शामली के रहने वाले आदेश गिरि (50), दिल्ली के उत्तम नगर निवासी मोहित अरोड़ा (28) और हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र के रहने वाले समीर चौधरी (21) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की धर-पकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार जुटी हुई हैं और उन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा।
जोशी के परिजन से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने आम लोगों की सुरक्षा को अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि अधिकारियों को प्रदेश में ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाकर अवांछित और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
धामी ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कुठालगेट चौकी के प्रभारी अशोक कुमार तथा मसूरी के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जोशी की अंत्येष्टि में शामिल हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ईश्वर से प्रार्थना है कि महान पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकसंतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।”
पुलिस के अनुसार, गोलीबारी में शामिल दोनों गुटों के बीच विवाद की शुरूआत रविवार देर रात नाइट क्लब ‘जेन-जी’ में हुई थी जहां बिल कम कराने को लेकर आदित्य चौधरी तथा उसके साथियों का क्लब के कर्मचारियों से झगड़ा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद क्लब के कर्मचारियों रोहित कुमार, अखलाक तथा अन्य ने आदित्य चौधरी की बिना नंबर प्लेट वाली नयी स्कॉर्पियो कार का शीशा तोड़ दिया था।
क्लब से बाहर आने के बाद आदित्य और उसके साथी बदला लेने के लिए थोड़ी दूर पर रुककर क्लब के कर्मचारियों का इंतजार करते रहे और सुबह जब कर्मचारी फार्च्यूनर कार में बैठकर सड़क पर आए, आदित्य और उसके साथी अपनी स्कॉर्पियो से उनका पीछा करने लगे।
फार्च्यूनर को रोकने के प्रयास में आदित्य के एक साथी शांतनु ने उस पर गोलियां चलायीं जिसके बाद फार्च्यूनर में बैठे लोगों ने भी जवाबी गोलियां चलायीं। जोशी गोलीाबारी की चपेट में आ गए और उनकी मृत्यु हो गई।
इस बीच, सड़क किनारे पेड़ से टकराकर फॉच्यूनर कार के रूकने के बाद स्कॉर्पियो सवार लोगों ने नीचे उतर कर फार्च्यूनर कार सवारों की पिटाई की और फरार हो गए ।
भाषा दीप्ति
जोहेब
जोहेब

Facebook


