दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18.5 करोड़ रुपये का गांजा बरामद

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18.5 करोड़ रुपये का गांजा बरामद

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18.5 करोड़ रुपये का गांजा बरामद
Modified Date: April 23, 2026 / 05:18 pm IST
Published Date: April 23, 2026 5:18 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने एक विमान के अंदर लावारिस पड़े ट्रॉली बैगों से 18.57 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध गांजा बरामद किया है। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गयी है।

बयान के अनुसार 20 अप्रैल को बैंकॉक से पहुंची एक उड़ान की सुरक्षा जांच के दौरान ये लावारिस ट्रॉली बैग बरामद हुए और कथित तस्करी के प्रयास का खुलासा हुआ।

बयान में कहा गया है, ‘‘विमान के अंदर ये ट्रॉली बैग संदिग्ध स्थिति में रखे गए थे जिन्हें टर्मिनल-3 के आगमन हॉल में एयरलाइन कर्मचारियों ने सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया। इसके बाद ‘ग्रीन चैनल’ पर इन बैग की एक्स-रे जांच की गई, जहां कुछ संदिग्ध छवियां नजर आयीं।’’

बयान के अनुसार गहन तलाशी में इन बैग में पॉलीथिन की 19 थैलियां मिलीं जिनमें संदिग्ध गांजा छिपाकर रखा गया था।

सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, बरामद पैकेटों का कुल वजन लगभग 20.5 किलोग्राम है और ‘पैकेजिंग’ का वजन घटाने के बाद, जब्त किए गए मादक पदार्थ का शुद्ध वजन 18.57 किलोग्राम पाया गया।

बयान में कहा गया है,‘‘प्रारंभिक जांच में यह पदार्थ गांजा/मारिजुआना पाया गया है। जब्त किए गए पदार्थ का अनुमानित मूल्य लगभग 18.57 करोड़ रुपये है।’’

बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित सामग्री को,स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है।

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में