ट्रक की चपेट में आने से लड़की की मौत, चालक गिरफ्तार
ट्रक की चपेट में आने से लड़की की मौत, चालक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) मध्य दिल्ली में सड़क दुर्घटना में 11 साल की एक लड़की की मौत के मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मोहित दलाल (27) को रविवार रात पुलिस की एक टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी हरियाणा के झज्जर का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय दलाल ही वह ट्रक चला रहा था, जिससे दुर्घटना हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला शनिवार रात पटेल नगर इलाके में हुई एक सड़क दुर्घटना से संबंधित है, जहां रात करीब 9.30 बजे शादीपुर डिपो के पास 11 वर्षीय लड़की को एक वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को बताया था कि इस घटना में शामिल वाहन एक बस थी और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि हालांकि, गहन जांच से पता चला है कि वाहन एक ट्रक था। पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान दिलीप
दिलीप

Facebook


