योग्य युवाओं की कमी के कारण पटेल समुदाय की लड़कियां बाहर के समुदाय में विवाह कर रही हैं: अनार पटेल
योग्य युवाओं की कमी के कारण पटेल समुदाय की लड़कियां बाहर के समुदाय में विवाह कर रही हैं: अनार पटेल
बनासकांठा, 11 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की बेटी अनार पटेल ने सोमवार को कहा कि पटेल समुदाय की लड़कियों में समुदाय से बाहर विवाह का चलन बढ़ रहा है क्योंकि कई युवा ‘‘पर्याप्त योग्य’’ नहीं हैं। उन्होंने शराब के सेवन और काम की कमी जैसे मुद्दों का हवाला दिया।
लेउवा पाटीदार समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले श्री खोडलधाम ट्रस्ट (एसकेटी) की अध्यक्ष अनार पटेल ने यह भी पूछा कि समाज इस मुद्दे पर मुख्य रूप से बेटियों को ही सलाह क्यों देता है।
बनासकांठा के गढ़ गांव में एक कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह टिप्पणी की जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘(पटेल समुदाय की) लड़कियां दूसरे समुदाय में शादी कर रही हैं क्योंकि समुदाय में कई लड़के योग्य नहीं हैं। अगर हमारे बेटे शराब पी रहे हैं, बाहर घूम रहे हैं, काम नहीं कर रहे हैं तो हमारी लड़कियां समुदाय से बाहर शादी करेंगी। हम इस सिद्धांत पर विश्वास क्यों नहीं कर रहे हैं और हमेशा अपनी बेटियों को सलाह क्यों दे रहे हैं?’’
अनार पटेल ने कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल की एक प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित लोगों से समाज में विभाजन पैदा करने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए भी कहा।
लेउवा पाटीदार समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले सबसे बड़े संगठन के रूप में श्री खोडलधाम ट्रस्ट की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने सभी को संगठन के बारे में सिखाया।
हालांकि, सोशल मीडिया और टेलीविजन चैनलों के अत्यधिक प्रभाव की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि अगर सरदार पटेल आज जीवित होते तो 562 रियासतों को एकजुट करने के लिए संघर्ष करते।
अनार पटेल ने कहा, ‘‘यह सोशल मीडिया और टेलीविजन चैनलों का युग है, जहां दुनिया भर की जानकारी तुरंत उपलब्ध होती है। अगर सरदार पटेल आज जीवित होते, तो वह शायद 562 (रियासतों) राज्यों को एकजुट नहीं कर पाते क्योंकि अब हर घर में एक नेता है।’’
भाषा सुरभि अविनाश
अविनाश

Facebook


