कन्नूर हवाई अड्डे पर 1.88 करोड़ रुपये का सोना जब्त, यात्री हिरासत में
कन्नूर हवाई अड्डे पर 1.88 करोड़ रुपये का सोना जब्त, यात्री हिरासत में
कन्नूर (केरल), 14 जून (भाषा) सीमा शुल्क (निवारक) आयुक्तालय ने रविवार को कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर एक यात्री को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.88 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान कासरगोड जिले के कुंबला के रहने वाले अब्दुल रामशीद के तौर पर हुई है।
सीमा शुल्क अधिकारियों के मुताबिक, रामशीद शारजाह से कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचा था।
अधिकारियों ने बताया कि शक होने पर सीमा शुल्क (निवारक) आयुक्तालय के अधिकारियों ने व्यक्ति को रोका और उससे पूछताछ की।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में जांच और स्कैनिंग करने पर उसके मलाशय में छिपाकर रखे गए सोने के मिश्रण से भरे चार कैप्सूल बरामद हुए।
इन कैप्सूल से 1.2817 किलोग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 1.88 करोड़ रुपये है।
सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और तस्करी किए गए सोने के स्रोत और उसे कहां पहुंचाया जाना था, यह पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
भाषा
राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


