कश्मीर में ‘पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ लिखा सरकारी पर्चा प्रसारित, अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

कश्मीर में ‘पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ लिखा सरकारी पर्चा प्रसारित, अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

कश्मीर में ‘पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ लिखा सरकारी पर्चा प्रसारित, अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण
Modified Date: June 29, 2026 / 08:16 pm IST
Published Date: June 29, 2026 8:16 pm IST

राजौरी/जम्मू, 29 जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर में ‘पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ लिखा सरकारी पर्चा बांटने के मामले में एक अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

अधिकारियों ने एक प्रखंड चिकित्सा अधिकारी से ‘पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ का नारा लिखे कथित तौर पर एक अनधिकृत और भ्रामक पर्चे के प्रसार के संबंध में तत्काल स्पष्टीकरण मांगा है।

यह आदेश राजौरी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा जारी किया गया था, जिसमें कांडी क्षेत्र के अधिकारी से एक दिन के भीतर तत्काल स्पष्टीकरण मांगा गया था।

एक आधिकारिक पत्र में सीएमओ ने कहा कि सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों पर ‘इंटेंसिफाइड पल्स पोलियो इम्यूनाइजेशन (आईपीपीआई) प्रोग्राम, 2026’ से संबंधित एक विज्ञापन प्रसारित किया गया था, जिससे यह आभास हुआ कि इसे कांडी प्रखंड के चिकित्साधिकारी के कार्यालय द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी या समर्थित किया गया था।

आदेश में कहा गया है कि सामग्री की जांच से पता चला है कि इसमें राष्ट्रीय आपातकालीन संचालन केंद्र का लोगो और ‘पोलियो-मुक्त पाकिस्तान’ का नारा था, जिसका जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग या केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के किसी भी कार्यक्रम या संचार से कोई संबंध नहीं था।

पर्चे पर जांच के दायरे में आए प्रखंड चिकित्साधिकारी का नाम और पद भी लिखा था।

पत्र में कहा गया है कि स्थानीय अधिकारियों ने इस मामले को ‘बेहद गंभीरता’ से लिया है क्योंकि इससे जनता का भरोसा कम हो सकता है और विभाग की बदनामी हो सकती है।

सीएमओ ने प्रखंड चिकित्साधिकारी को एक दिन के अंदर विस्तृत रिपोर्ट और लिखित स्पष्टीकरण सौंपने का निर्देश दिया है। उन्हें यह बताने को कहा गया है कि क्या सामग्री आधिकारिक अनुमति के साथ तैयार, स्वीकृत, मुद्रित, प्रकाशित या प्रसारित की गई थी।

भाषा संतोष नरेश

नरेश


लेखक के बारे में