गुजरात के आणंद में चुनाव ड्यूटी के दौरान ग्राम पंचायत कर्मचारी की मौत
गुजरात के आणंद में चुनाव ड्यूटी के दौरान ग्राम पंचायत कर्मचारी की मौत
आणंद, 26 अप्रैल (भाषा) गुजरात के आणंद जिले में रविवार को स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान ड्यूटी पर तैनात 48 वर्षीय ग्राम पंचायत कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पेटलाड के तालुका विकास अधिकारी और सहायक निर्वाचन अधिकारी एम वी सोलंकी ने बताया कि संसेज ग्राम पंचायत कार्यालय में चपरासी के रूप में काम करने वाले अमित सोलंकी उसी गांव के एक मतदान केंद्र पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़े।
उन्होंने बताया कि पेटलाड तालुका पंचायत चुनाव के लिए मतदान जारी था और अमित सोलंकी गांव के बूथ नंबर एक पर तैनात थे।
अधिकारी ने कहा, “दोपहर बाद अमित सोलंकी अचानक मतदान केंद्र पर बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें तुरंत तारापुर के एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के सटीक कारण का पता लगाने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।”
इस घटना की जानकारी मिलने के बाद सोजित्रा से विधायक विपुलभाई पटेल अस्पताल पहुंचे।
गुजरात में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट सहित 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए रविवार को मतदान हुआ।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


