ग्रेटर नोएडा पुलिस ने चोरी के 316 स्मार्टफोन बरामद किए, दो आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने चोरी के 316 स्मार्टफोन बरामद किए, दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा (उप्र), 28 जून (भाषा) ग्रेटर नोएडा पुलिस ने भारत से महंगे स्मार्टफोन चोरी कर कथित रूप से नेपाल और बांग्लादेश में बेचने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनसे कई संख्या में फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) संतोष कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने दादूपुर निवासी विजय (36) और बुलंदशहर निवासी मिथुन (28) को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी के ‘आईक्यू’ कंपनी के 316 स्मार्टफोन तथा वारदात में प्रयुक्त एक ऑटो रिक्शा बरामद किया है।
कुमार ने कहा, ‘‘पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे कंटेनर और ट्रक चालकों से मिलीभगत कर नोएडा से देश के विभिन्न हिस्सों में भेजे जा रहे महंगे मोबाइल फोन चोरी करते थे। गिरोह के सदस्य ट्रक चालकों और उन ढाबा संचालकों से भी सांठगांठ रखते थे, जहां वाहन रुकते थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चोरी के मोबाइल बाद में नेपाल, बांग्लादेश और अन्य देशों में बेच दिए जाते थे।’’
एडीसीपी ने बताया कि इसी गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने 21 जून को गिरफ्तार किया था और उस समय उनके कब्जे से 100 से अधिक चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए थे।
उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्यों के खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली समेत कई राज्यों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह का सरगना मनोज अभी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, चोरी के मोबाइल विदेशों में बेचने का काम वही करता है।
उसने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरामद मोबाइल फोन दिल्ली के द्वारका थाना क्षेत्र से चोरी किए गए थे और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह अब तक करीब 4,000 मोबाइल फोन चोरी कर चुका है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में दिल्ली पुलिस भी उनकी तलाश कर रही थी।
भाषा सं खारी
खारी

Facebook


