गुजरात के मुख्यमंत्री, मंत्रियों ने काफिले के वाहनों की संख्या कम की, संघवी की अमेरिका यात्रा रद्द

गुजरात के मुख्यमंत्री, मंत्रियों ने काफिले के वाहनों की संख्या कम की, संघवी की अमेरिका यात्रा रद्द

गुजरात के मुख्यमंत्री, मंत्रियों ने काफिले के वाहनों की संख्या कम की, संघवी की अमेरिका यात्रा रद्द
Modified Date: May 13, 2026 / 09:41 pm IST
Published Date: May 13, 2026 9:41 pm IST

अहमदाबाद, 13 मई (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उनके मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या सीमित करके ईंधन की खपत को कम करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री और मंत्रियों ने यह फैसला पश्चिम एशिया संकट के प्रतिकूल परिणामों से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मितव्ययिता का आह्वान किये जाने के बाद लिया।

गुजरात के कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बुधवार को फैसले की घोषणा करते हुए कहा कि नौकरशाहों को आधिकारिक बैठकों में ऑनलाइन माध्यम से शामिल होने की अनुमति देने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले को केवल दो वाहनों तक सीमित रखने का फैसला किया है। इसके अलावा, हवाई यात्रा को कम करने के उद्देश्य से, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने अमेरिका की अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा रद्द कर दी है।’’

ऋषिकेश पटेल ने कहा कि मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करते हुए अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संपूर्ण मंत्रिपरिषद ने सामूहिक रूप से इस निर्णय का समर्थन किया है और सभी मंत्री मुख्यमंत्री के निर्देश का पालन करेंगे। मंत्रियों ने अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ‘पायलट’ वाहन का उपयोग न करने का निर्णय लिया है। इसके बजाय, उन्होंने ऑनलाइन मानचित्र का उपयोग करके सीधे अपने गंतव्य तक पहुंचने का विकल्प चुना है।’’

ऋषिकेश पटेल ने कहा, ‘‘इसलिए, हमने पीछे-पीछे चलने वाले या आगे-आगे चलने वाले वाहनों के काफिले के बिना, समर्पित पायलट एस्कॉर्ट के बिना अपने-अपने गंतव्यों तक पहुंचने का संकल्प लिया है।’’

मुख्यमंत्री ने निर्णय पर अमल करते हुए बुधवार को अमरेली जिले के राजुला में एक ट्रॉमा सेंटर का उद्घाटन करने के लिए केवल दो वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे।

श्रम एवं रोजगार मंत्री कुंवरजी बावलिया ने घोषणा की कि राज्य सरकार निजी कंपनियों के लिए जहां भी संभव होगा,घर से काम करने के मॉडल को अपनाने की संभावना पर चर्चा करेगी।

राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने मंगलवार को घोषणा की थी कि वह राज्य के भीतर यात्राओं के लिए हेलीकॉप्टरों का उपयोग नहीं करेंगे और हवाई यात्रा से परहेज करेंगे, साथ ही पश्चिम एशिया में स्थिति सामान्य होने तक अपने काफिले में वाहनों की संख्या भी कम करेंगे।

भाषा धीरज माधव

माधव


लेखक के बारे में