गुजरात : खड़े वाहनों से कीमती सामान चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार

गुजरात : खड़े वाहनों से कीमती सामान चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार

गुजरात : खड़े वाहनों से कीमती सामान चोरी करने के दो आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: May 16, 2026 / 09:24 pm IST
Published Date: May 16, 2026 9:24 pm IST

बनासकांठा, 16 अक्टूबर (भाषा) गुजरात और देश अन्य हिस्सों में खड़े चार पहिया वाहनों से कीमती सामान चुराने वाले गिरोह के कथित दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद निवासी सतीश इंद्रेकर और नकुल तामाईचे को गिरफ्तार किया गया है और दोनों राज्य में सक्रिय ‘छारा’ गिरोह के सदस्य हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी कथित तौर पर विमान से अलग-अलग राज्यों की यात्रा करते थे और शहरों तथा धार्मिक स्थलों पर खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे, उनकी खिड़कियां तोड़कर नकदी और अन्य कीमती सामान चुरा लेते थे।

पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक आरोपियों से 1.5 लाख रुपये नकद और अपराधों में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। उसने बताया कि यह गिरोह इसी तरह के 25 से अधिक अपराधों में संलिप्त रहा है।

बयान के मुताबिक बनासकांठा जिले में पांच और छह मई के बीच चोरी की कई घटनाएं सामने आने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि दंता में चोरों ने एक कार का शीशा तोड़कर 1.8 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली थी। एक अन्य मामले में, पालनपुर में खड़ी एक कार को निशाना बनाया गया और नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की गई। बनासकांठा के वडगाम पुलिस थाना में भी इसी तरह की दो घटनाएं दर्ज की गईं।

पुलिस ने बताया कि पालनपुर स्थित नेत्रम शाखा की सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी विश्लेषण से अहमदाबाद से संचालित गिरोह के सदस्यों की संलिप्तता की जानकारी मिली।

बयान के मुताबिक विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर, बनासकांठा अपराध शाखा ने अहमदाबाद स्थित अपनी समकक्ष शाखा के साथ संयुक्त अभियान चलाया और सतीश और नकुल को अहमदाबाद से गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों ने दंता और वडगाम में हुए चोरी के अपराधों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने खुलासा किया है कि वे अहमदाबाद से कोलकाता विमान के जरिये गए थे और वहां भी उन्होंने खड़े वाहनों से इसी तरह की चोरियां की थीं।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में