गुरदासपुर एसडीएम राजमार्ग परियोजना के लिए आवंटित 1.63 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार

गुरदासपुर एसडीएम राजमार्ग परियोजना के लिए आवंटित 1.63 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार

गुरदासपुर एसडीएम राजमार्ग परियोजना के लिए आवंटित 1.63 करोड़ रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार
Modified Date: May 16, 2026 / 06:40 pm IST
Published Date: May 16, 2026 6:40 pm IST

चंडीगढ़, 16 मई (भाषा) पंजाब के गुरदासपुर में तैनात एक उप-मंडल अधिकारी को शनिवार को 2018-2019 में एक राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़े 1.63 करोड़ रुपये के गबन के मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अनुप्रीत कौर 2012 बैच की पंजाब सिविल सेवा अधिकारी हैं। उनको गुरदासपुर स्थित उनके आधिकारिक आवास से गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में गुरदासपुर की एसडीएम के पद पर तैनात हैं। साथ ही, वह गुरदासपुर नगर परिषद का प्रभार भी संभाल रही हैं।

तरन तारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने पुष्टि की कि अधिकारी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

यह गबन तब सामने आया जब कौर को 2018 में तरन तारन के पट्टी में एसडीएम के रूप में तैनात किया गया था। उन पर राष्ट्रीय राजमार्ग-54 परियोजना के लिए पांच अपात्र व्यक्तियों को 1.63 करोड़ रुपये के भूमि मुआवजे के हस्तांतरण में कथित रूप से शामिल होने का आरोप लगाया गया था। यह परियोजना जम्मू को राजस्थान से जोड़ती है।

उन्हें कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया था।

धन गबन से संबंधित मामला भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत 2019 में दर्ज किया गया था। मुआवजे की राशि उन पांच व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित कर दी गई थी जिनकी जमीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के लिए कभी अधिग्रहित नहीं की गई थी।

एसडीएम के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया गया है, जिसके तहत 2021 में 88 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाया गया था।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में