स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने आरोग्य सेतु ऐप का नया संस्करण शुरू किया
स्वास्थ्य मंत्री नड्डा ने आरोग्य सेतु ऐप का नया संस्करण शुरू किया
(फाइल फोटो सहित)
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा ने सोमवार को ‘आरोग्य सेतु’ ऐप के नए संस्करण की शुरुआत की। कोविड काल के इस ऐप को अब व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिकॉर्ड के लिए एक डिजिटल मंच के रूप में विकसित किया गया है।
इसमें एक नया फीचर भी जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से लाभार्थी अपने स्वास्थ्य बीमा कवरेज और बीमा दावों की स्थिति पर नजर रख सकेंगे।
उन्नत संस्करण वाला यह ऐप आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) के अनुरूप तैयार किया गया है। यह नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच के लिए एकल डिजिटल मंच उपलब्ध कराता है। इसके जरिए आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) पहचान पत्र बनाया जा सकता है, स्वास्थ्य रिकॉर्ड का प्रबंधन किया जा सकता है तथा ‘‘स्कैन एंड शेयर’’ सुविधा के माध्यम से अस्पतालों में डिजिटल पंजीकरण भी कराया जा सकता है।
नड्डा ने ‘यूनिफाइड हेल्थ इंटरफेस’ की भी शुरुआत की, जो आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एक इंटरऑपरेबल डिजिटल नेटवर्क है। यह प्रणाली मरीजों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक ही ऐप पर निर्भर हुए बिना सत्यापित स्वास्थ्य सेवाओं की खोज, बुकिंग और इस्तेमाल की सुविधा प्रदान करेगी।
यह मरीज़ों और स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं को एक-दूसरे से जुड़ने में मदद करता है, चाहे वे कोई भी ऐप इस्तेमाल करते हों।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अभी संवाद करने के लिए उपयोगकर्ताओं और सेवा प्रदाताओं, दोनों का एक ही ऐप पर होना ज़रूरी है, जिससे पहुंच और पसंद सीमित हो जाती है।
नड्डा ने ‘आयुष्मान सारथी’ नामक व्हाट्सऐप चैटबॉट की भी शुरुआत की। इससे आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी पीएम-जेएवाई) के लाभार्थी सरकारी दफ्तरों में जाए बिना या हेल्पलाइन पर फोन किए बिना, चौबीसों घंटे ज़रूरी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लाभार्थी ‘आयुष्मान सारथी’ का उपयोग करके पीएम-जेएवाई के तहत अपनी पात्रता की जांच कर सकते हैं, आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं और उसे डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा वे ईकेवाईसी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं, आधार को लिंक कर सकते हैं, अपने पीएम-जेएवाई कार्ड को लॉक या अनलॉक कर सकते हैं तथा 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड से संबंधित सेवाओं का लाभ भी उठा सकते हैं।
उपयोगकर्ता इसके माध्यम से अपने वॉलेट बैलेंस और उपचार इतिहास को भी देख सकते हैं, नजदीकी सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी प्राप्त करने के साथ पंजीकरण करा सकते हैं।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


