पश्चिमी राजस्थान में आधीं—बारिश का कहर, तीन की मौत

पश्चिमी राजस्थान में आधीं—बारिश का कहर, तीन की मौत

पश्चिमी राजस्थान में आधीं—बारिश का कहर, तीन की मौत
Modified Date: June 2, 2026 / 08:34 pm IST
Published Date: June 2, 2026 8:34 pm IST

जयपुर/जैसलमेर/जोधपुर, दो जून (भाषा) पश्चिमी राजस्थान के बड़े हिस्सों में सोमवार रात तेज आंधी और बारिश ने कहर बरपाया तथा तीन लोगों की मौत हो गई एवं कई अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार जैसलमेर, बाड़मेर, फलौदी एवं आस—पास के जिलों में बिजली ढांचे, मकानों, सोलर प्लांट्स और सड़क किनारे की संरचनाओं को भारी नुकसान पहुंचा।

पुलिस के मुताबिक मृतकों में जैसलमेर के 25 वर्षीय लोक कलाकार और बाड़मेर के दो बच्चे शामिल हैं।

जैसलमेर के सम पर्यटन क्षेत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान एक रिजॉर्ट की दीवार गिरने से बैरिसियाला गांव के लोक कलाकार स्वरूप खान की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य कलाकार घायल हो गये, उनमें एक पुरुष और दो महिला नर्तक शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि घायलों को शुरू में एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में जैसलमेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए जोधपुर रेफर कर दिया गया।

रिजॉर्ट मालिक बरोच खान ने बताया कि हादसे के समय लगभग 40 पर्यटक सांस्कृतिक कार्यक्रम देख रहे थे तथा कलाकार खुले मंच पर प्रस्तुति दे रहे थे, तभी पीछे की कंक्रीट की दीवार तेज हवाओं से गिर गई।

जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने कहा कि आंधी से एक बिजली टावर गिरने से कई क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और मरम्मत कार्य जारी है तथा टावर को पुनर्निर्मित करने में लगभग चार दिन लगेंगे।

उन्होंने बताया कि सम क्षेत्र में 177 रिसॉर्ट चल रहे हैं, जिनमें से कुछ अनियमित हैं। उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि रिजॉर्ट्स सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

जैसलमेर जिले में बिजली नेटवर्क को भारी नुकसान हुआ। करीब ढाई घंटे में बिजली के कई खंभे गिर गए। सम और खुईयाला क्षेत्र के लगभग 150 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप रही। कई ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए और 33 केवी व 11 केवी लाइनें कई जगहों पर टूट गईं।

फलौदी जिले में भड़ला सोलर पार्क के आस—पास सौर ऊर्जा ढांचे को नुकसान पहुंचा।

कलक्टर अंकित कुमार सिंह ने बताया कि पार्क में कोई बड़ी क्षति नहीं हुई, लेकिन ‘एसीएमई सोलर होल्डिंग्स लिमिटेड’ की 300 मेगावाट क्षमता वाली इकाई प्रभावित हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 700 सोलर पैनल उखड़ गए और बिजलीके 800 खंभे क्षतिग्रस्त हुए।

बाड़मेर जिले के सबरी नगर गांव में दीवार गिरने से दो बच्चे खगेंद्र (8) और खुमनाराम (4) की मौत हो गई। दोनों मलबे में दब गए थे।

रामसर उपखंड के पाबूसरिया गांव में एक पिता-पुत्र टिन शेड गिरने से दब गए। एक अन्य घटना में एक महिला घायल हुई जब वह भागते समय लोहे का एंगल गिर पड़ा। दो युवक भी उड़ती चादरों और मलबे से घायल हुए।

आंधी का असर रामसर, चौहटन, गडरारोड, बायतु और सीमा गांवों तक रहा। बिजली का खंभागिरने से रातभर ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।

अधिकारियों ने बताया कि बिजली बहाली का काम चल रहा है और ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने में 24 से 48 घंटे लग सकते हैं।

भाषा बाकोलिया राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में