हिमाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री के सहयोगी के बेटे का अपहरण करने की कथित कोशिश, मामला दर्ज
हिमाचल प्रदेश: मुख्यमंत्री के सहयोगी के बेटे का अपहरण करने की कथित कोशिश, मामला दर्ज
शिमला, 21 मार्च (भाषा) शिमला से लगभग 11 किलोमीटर दूर मशोबरा के समीप हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार के बेटे का अपहरण करने की कथित कोशिश के संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
खबरों के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार देर शाम उस समय हुई जब आर्यन चौहान मशोबरा स्थित अपने होटल से शिमला जा रहे थे। वह हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के महसचिव भी हैं।
शिमला जाते समय चौहान ने एक कार से आगे निकलने की कोशिश की। ऐसा करते समय कार में बैठे लोगों ने उन्हें रुकने के लिए कहा। जब चौहान ने अपनी कार रोकी, तो दो नकाबपोश आदमी बंदूक और रॉड लेकर कार से उतरे तथा उनकी ओर बढ़ने लगे।
प्राथमिकी के अनुसार, उन्हें पास आते देख चौहान अपनी कार से बाहर निकले और सड़क के किनारे कूद गए, जिससे उन्हें चोट लग गई। चौहान के भाग निकलने के बाद नकाबपोश बदमाश मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि चौहान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसे बाद में प्राथमिकी में बदल दिया गया।
बहरहाल, पुलिस ने यह नहीं बताया कि अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ किन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


