उम्मीद है कि मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची त्रुटिहीन और समावेशी होगी: खेमचंद
उम्मीद है कि मणिपुर की अंतिम मतदाता सूची त्रुटिहीन और समावेशी होगी: खेमचंद
इंफाल, छह जुलाई (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने सोमवार को विश्वास जताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची समावेशी और त्रुटिहीन होगी।
मुख्यमंत्री का यह बयान निर्वाचन आयोग द्वारा मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित किए जाने के एक दिन बाद आया है, जिसमें 1,58,677 नाम हटाए गए हैं।
एसआईआर के गणना चरण के पूरा होने के बाद रविवार को जारी मसौदा सूची में 19.34 लाख मतदाताओं के नाम बरकरार रखे गए हैं। जिन लोगों के नाम इस सूची में शामिल नहीं हैं, वे पांच जुलाई से चार अगस्त तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।
अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन छह सितंबर को किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में एसआईआर के दूसरे चरण पर आयोजित एक कार्यशाला में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि यह प्रक्रिया समावेशी होगी और अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिहीन होगी।
कार्यशाला में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य ए. शारदा देवी, गृह मंत्री के. गोविंददास सिंह, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, विधायक तथा भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कार्यशाला में निर्वाचन आयोग द्वारा प्रकाशित उस मसौदा सूची पर चर्चा की गई, जिसे एसआईआर के गणना चरण के सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद जारी किया गया है। इस चरण के दौरान 19.34 लाख से अधिक गणना प्रपत्र एकत्र किए गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिहीन और समावेशी होगी। मणिपुर सरकार स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय चुनाव कराने में निर्वाचन आयोग को हरसंभव सहयोग देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।’’
भाषा
खारी माधव
माधव

Facebook


