उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लेह में स्थापित किया जाएगा आईआईटी-जम्मू का सैटेलाइट कैंपस

उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लेह में स्थापित किया जाएगा आईआईटी-जम्मू का सैटेलाइट कैंपस

उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए लेह में स्थापित किया जाएगा आईआईटी-जम्मू का सैटेलाइट कैंपस
Modified Date: May 16, 2026 / 06:27 pm IST
Published Date: May 16, 2026 6:27 pm IST

लेह/जम्मू, 16 मई (भाषा) केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के प्रशासन ने लेह में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)-जम्मू का सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के लिए शनिवार को एक सहमति ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज लद्दाख में युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक ऐतिहासिक अध्याय लिखा गया है। इस केंद्र शासित प्रदेश के प्रशासन और आईआईटी-जम्मू ने लेह में सैटेलाइट कैंपस स्थापित करने के लिए एक ऐतिहासिक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए।”

उपराज्यपाल ने कहा कि यह पहल लद्दाख के युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम है और इससे विश्वस्तरीय शिक्षा के अवसर उनके अपने क्षेत्र के करीब उपलब्ध हो सकेंगे।

एमओयू के अनुसार, प्रस्तावित कैंपस में प्रारंभिक चरण में सिविल इंजीनियरिंग, कृत्रिम मेधा और डेटा साइंस पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे छात्रों के लिए अनुसंधान, नवाचार, उद्यमिता और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

सक्सेना ने कहा कि यह सैटेलाइट कैंपस उन भौगोलिक चुनौतियों को कम करने में मदद करेगा, जिनका सामना छात्रों को प्रमुख तकनीकी संस्थानों तक पहुंचने में करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र में उन्नत शिक्षा का एक बेहतरीन वातावरण तैयार करेगा।

सहमति ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि आने वाले वर्षों में करगिल में एक पूर्ण आवासीय कैंपस विकसित किया जाएगा, जिसे उत्कृष्टता केंद्र के रूप में स्थापित किया जाएगा।

भाषा जोहेब सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में