भारत-जापान के बीच स्वास्थ्य और चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ
भारत-जापान के बीच स्वास्थ्य और चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग ज्ञापन का आदान-प्रदान हुआ
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर), विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) और जापान चिकित्सा अनुसंधान एवं विकास एजेंसी (एएमईडी) ने बुधवार को स्वास्थ्य और चिकित्सा उपकरणों के क्षेत्र में सहयोग ज्ञापन (एमओसी) का आदान-प्रदान किया।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और जापान की विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति राज्य मंत्री किमी ओनोडा के बीच बैठक हुई।
एक बयान में सिंह ने कहा, ‘‘भारत और जापान के बीच विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में स्वाभाविक तालमेल है। जापान उन्नत तकनीकी क्षमताएं प्रदान करता है, वहीं भारत प्रतिभाशाली मानव संसाधनों का विशाल भंडार उपलब्ध कराता है।’’
उन्होंने कहा कि दोनों देश साथ मिलकर अग्रणी क्षेत्रों में नवाचार को गति दे सकते हैं और अनुसंधान को समाज के लिए सार्थक परिणामों में परिवर्तित कर सकते हैं।
बैठक के दौरान जापान के मंत्रिमंडल कार्यालय और कृषि एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के बीच क्वांटम विज्ञान और प्रौद्योगिकी में सहयोग के लिए एक आशय पत्र पर भी हस्ताक्षर किए गए।
शोधकर्ताओं की आवाजाही और संयुक्त नवाचार मंचों जैसी पहले से जारी पहल पर भी चर्चा हुई।
ओनोडा ने एक बयान में कहा, ‘‘क्वांटम और एआई सहित उन्नत विनिर्माण और कम्प्यूटेशनल प्रौद्योगिकियों में जापान की ताकत भारत के विस्तारित प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र के साथ निकटता से मेल खाती है।’’
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश

Facebook


