भारत-ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण बैठक में रक्षा सहयोग को प्रगाढ़ करने के लिए खाका तैयार किया
भारत-ब्रिटेन ने महत्वपूर्ण बैठक में रक्षा सहयोग को प्रगाढ़ करने के लिए खाका तैयार किया
नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) भारत और ब्रिटेन ने दोनों देशों की सेनाओं के बीच साझेदारी तथा रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण समूह की बैठक में ‘‘सार्थक’’ चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भारतीय सेना ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि भारत-ब्रिटेन कार्यकारी संचालन समूह (ईएसजी) की 15वीं बैठक 17 से 19 जून के बीच ब्रिटेन में आयोजित की गई।
पोस्ट में कहा गया, ‘‘इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ब्रिटेन के ट्रायल्स एंड एक्सपेरिमेंटल ग्रुप, लंदन स्थित रक्षा मंत्रालय में आयोजित ईएसजी बैठक तथा स्टीवनेज स्थित रक्षा कंपनी एमबीडीए का दौरा किया।’’
भारतीय सेना के अनुसार, चर्चा का मुख्य फोकस बहु-स्तरीय सैन्य सहयोग को आगे बढ़ाने पर रहा। इसके तहत दोनों देशों की सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, द्विपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास और प्रशिक्षण, विशिष्ट तथा उभरती सैन्य प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विशेषज्ञों का आदान-प्रदान, प्रशिक्षण सहयोग के नए अवसरों की तलाश तथा रक्षा क्षेत्र के ‘थिंक टैंक’ के बीच सहयोग पर विचार-विमर्श किया गया।
पोस्ट में कहा गया, ‘‘बातचीत रचनात्मक और भविष्य उन्मुखी थी, जिसमें भारतीय सेना और ब्रिटिश सेना के बीच रक्षा सहयोग को गहरा करने और उनकी मज़बूत साझेदारी को और प्रगाढ़ करने के लिए एक ठोस खाका तैयार किया गया।’’
इस महीने की शुरुआत में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा था कि हाल में संपन्न व्यापक व्यापार समझौते और रक्षा औद्योगिक रोडमैप के आधार पर भारत और ब्रिटेन एक भविष्य-केंद्रित तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी नयी साझेदारी विकसित करने की मजबूत स्थिति में हैं। उन्होंने यह टिप्पणी नयी दिल्ली में ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर के साथ हुई बैठक के दौरान की थी।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


