नौगाम, दिल्ली में विस्फोट के बाद राष्ट्रव्यापी सतर्कता के बीच हावड़ा, सियालदह स्टेशनों पर सघन जांच
नौगाम, दिल्ली में विस्फोट के बाद राष्ट्रव्यापी सतर्कता के बीच हावड़ा, सियालदह स्टेशनों पर सघन जांच
कोलकाता, 17 नवंबर (भाषा) दिल्ली और जम्मू-कश्मीर के नौगाम में हुए विस्फोट के बाद दो सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों हावड़ा और सियालदह सहित पूरे पश्चिम बंगाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दोनों स्टेशनों के पास अवरोधक लगा दिए गए हैं और पार्किंग में प्रवेश से पहले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रियों के बैगों की गहन जांच की जा रही है और संदिग्ध पाए जाने पर उनसे पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि साथ ही, विभिन्न स्थानों पर सशस्त्र रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है।
कोलकाता मुख्यालय वाले पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया, “आरपीएसएफ (रेलवे सुरक्षा विशेष बल) की दो अतिरिक्त कंपनियां हावड़ा स्टेशन पर तैनात की गई हैं।”
पूर्वी रेलवे के अधिकारी ने बताया कि महानिरीक्षक-सह-प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त (पूर्वी रेलवे) अमिय नंदन सिन्हा ने हावड़ा स्टेशन का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
हाल ही में हुए विस्फोटों के बाद राज्य में एक उच्च-स्तरीय बैठक हुई है, जिसमें कोलकाता पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने अधिकारियों को कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि होटलों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
दिल्ली में 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट में 13 लोगों की मौत और 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर के नौगाम थाने में हुए आकस्मिक विस्फोट में नौ लोगों की मौत के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है।
भाषा जितेंद्र मनीषा
मनीषा

Facebook


