कश्मीर घाटी में रूक-रूक कर वर्षा होने से लोगों को गर्मी से मिली राहत

कश्मीर घाटी में रूक-रूक कर वर्षा होने से लोगों को गर्मी से मिली राहत

कश्मीर घाटी में रूक-रूक कर वर्षा होने से लोगों को गर्मी से मिली राहत
Modified Date: April 25, 2026 / 09:50 pm IST
Published Date: April 25, 2026 9:50 pm IST

श्रीनगर, 25 अप्रैल (भाषा) कश्मीर के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे लोगों को लू से राहत मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के शुरु में एक बार फिर बारिश होने का अनुमान लगाया है।

ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर समेत कश्मीर के मैदानी इलाकों में शनिवार सुबह तक लगातार बारिश होती रही। जोजिला दर्रे में हल्की बर्फबारी की भी खबर है।

दोपहर में मौसम में सुधार आया। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आयी है जिससे पिछले कुछ दिनों से घाटी में व्याप्त लू से लोगों को राहत मिली।

श्रीनगर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री से अधिक था। न्यूनतम तापमान भी औसत से लगभग पांच डिग्री अधिक रहा।

सामान्य तौर पर, शुक्रवार को कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक था।

अधिकारियों ने बताया कि हालांकि, शनिवार को बारिश और बादल छाए रहने के कारण तापमान गिरकर 21.2 डिग्री सेल्सियस हो गया – जो पिछले दिन की तुलना में लगभग सात डिग्री कम और औसत से लगभग एक डिग्री कम था।

घाटी के सभी मौसम केंद्रों ने शनिवार को सामान्य से कम दिन का तापमान दर्ज किया।

मौसम विभाग ने कहा कि रविवार को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन सोमवार से छिटपुट इलाकों में हल्की बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने की आशंका है।

घाटी में 29-30 अप्रैल की दोपहर बाद कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन


लेखक के बारे में