ईरान युद्ध: एयरस्पेस बंद होने से मराठवाड़ा के 61 लोग पश्चिम एशिया में फंसे

ईरान युद्ध: एयरस्पेस बंद होने से मराठवाड़ा के 61 लोग पश्चिम एशिया में फंसे

ईरान युद्ध: एयरस्पेस बंद होने से मराठवाड़ा के 61 लोग पश्चिम एशिया में फंसे
Modified Date: March 2, 2026 / 07:46 pm IST
Published Date: March 2, 2026 7:46 pm IST

छत्रपति संभाजीनगर, दो मार्च (भाषा) अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त रूप से हमला करने के बाद ‘एयरस्पेस’ बंद होने के कारण महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के कुल 61 लोग दुबई, बहरीन, कतर और अबू धाबी में फंसे हुए हैं। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मंडल आयुक्तालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘ये 61 लोग पर्यटक हैं, जबकि कुछ काम के लिए खाड़ी देशों में गए हैं और कुछ के पास रेसिडेंट वीजा है। इन सभी ने मराठवाड़ा के छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी, नांदेड, हिंगोली, बीड और लातूर जिलों के प्रशासन को सूचित किया है।’’

उन्होंने बताया, ‘‘मराठवाड़ा के ही हिस्से, धाराशिव जिले के लोगों का विवरण अभी तक नहीं आया है। नांदेड़ से सर्वाधिक 24 लोग फंसे हैं, जबकि लातूर के 12, बीड के 10, परभणी और जालना के छह-छह, छत्रपति संभाजीनगर के दो और हिंगोली के एक व्यक्ति के फंसे होने की जानकारी मिली है।’’

इस बीच, ठाणे और पालघर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन दोनों जिलों में उन लोगों की मदद के प्रयास किये जा रहे हैं, जो ईरान संघर्ष के कारण पश्चिम एशिया में फंसे हैं।

अलग-अलग बयानों में, ठाणे कलेक्टर श्रीकृष्ण पांचाल और उनके पालघर समकक्ष इंदु रानी जाखड़ ने निवासियों से अपील की कि जो लोग या जिनके मित्र खाड़ी देशों में फंसे हैं, वे सुरक्षा अपडेट के लिए आधिकारिक माध्यमों से संपर्क बनाए रखें।

बयान में यह भी अनुरोध किया गया है कि यहां के लोग विदेश में फंसे अपने रिश्तेदारों का विवरण जिला आपदा प्रबंधन केंद्रों को दें, ताकि दूतावासों से जानकारी का सुचारू प्रवाह सुनिश्चित किया जा सके।

भाषा सुरेश दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में