आईयूएमएल उपमुख्यमंत्री पद की हकदार, लेकिन इस पर दावा नहीं करेगी: थंगल
आईयूएमएल उपमुख्यमंत्री पद की हकदार, लेकिन इस पर दावा नहीं करेगी: थंगल
मलप्पुरम (केरल), 10 अप्रैल (भाषा) आईयूएमएल नेता सैयद मुनव्वर अली शिहाब थंगल ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी केरल में उपमुख्यमंत्री पद की हकदार है, लेकिन अगर राज्य में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सत्ता में आता है तो वह इस पद पर दावा नहीं करेगी।
केरल विधानसभा की सभी 140 सीट के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था और मतगणना चार मई को होगी।
वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) का तीसरी बार सत्ता में आने का लक्ष्य है तो वहीं यूडीएफ वापसी की कोशिश कर रहा है जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) राज्य में अपना खाता खोलने की कोशिश कर रहा है।
पत्रकारों से बातचीत में थंगल ने इस आरोप का खंडन किया कि इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के उम्मीदवारों ने धार्मिक आधार पर वोट मांगे थे।
उन्होंने कहा, ‘यह हमारी पार्टी की नीतियों के खिलाफ है। अगर ऐसी कोई घटना हुई है तो हम उसकी जांच करेंगे।’
उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक अपनी सुरक्षा के लिए यूडीएफ पर भरोसा करते हैं।
थंगल ने कहा कि यह अल्पसंख्यकों के एकजुट होने का मामला नहीं है, बल्कि सभी वर्गों के लोग यूडीएफ को एक विश्वसनीय शक्ति के रूप में देखते हैं।
जब उनसे पूछा गया कि क्या यूडीएफ के सत्ता में आने पर आईयूएमएल उपमुख्यमंत्री पद की मांग करेगी तो थंगल ने कहा कि पार्टी अतीत में इस पद पर रह चुकी है।
उन्होंने कहा, ‘हम इसके हकदार हैं। लेकिन हम इस पर दावा नहीं करेंगे और न ही इस पर बातचीत करेंगे।’
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यूडीएफ सत्ता में आएगा।
आईयूएमएल नेता पी के कुन्हालीकुट्टी ने भी स्पष्ट किया कि पार्टी उपमुख्यमंत्री पद के लिए दबाव नहीं बनाएगी और न ही इस मुद्दे पर कोई प्रतिस्पर्धा पैदा करेगी।
उन्होंने एक टीवी चैनल से कहा, ‘हम इस पद की मांग नहीं करेंगे और न ही ऐसा कोई रुख अपनाएंगे।’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता वी डी सतीशन का 100 सीट जीतने का दावा यथार्थ पर आधारित है।
उनके अनुसार, मुख्यमंत्री पद का फैसला कांग्रेस करेगी।
कुन्हालीकुट्टी ने कहा, ‘कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए व्यक्ति को हमारा समर्थन प्राप्त होगा।’
भाषा शुभम वैभव
वैभव

Facebook


