जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने अमरनाथ यात्रा से पहले सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए
जम्मू-कश्मीर के डीजीपी ने अमरनाथ यात्रा से पहले सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए
श्रीनगर, 14 जून (भाषा) जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने तीन जुलाई से शुरू होने वाली ‘श्री अमरनाथजी यात्रा’ 2026 की सुरक्षा व्यवस्था की रविवार को समीक्षा की।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘डीजीपी ने श्री अमरनाथ जी यात्रा-2026 के सुचारू, सुरक्षित और शांतिपूर्ण संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने और उसे मजबूत करने के लिए पुलिस नियंत्रण कक्ष कश्मीर के सम्मेलन कक्ष में एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।’
डीजीपी ने अधिकारियों को संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा मार्ग, रेल पटरियों, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर ‘घेराबंदी और तलाशी अभियान’ तेज करने तथा लगातार गश्त करने का आह्वान किया।
आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने के लिए, डीजीपी ने आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए रणनीतिक स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) तैनात करने का आदेश दिया।
बैठक में डीजीपी ने प्रमुख यात्रा स्थलों, पारगमन शिविरों, आधार शिविरों और तीर्थयात्रा मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने के लिए सीसीटीवी नेटवर्क सहित आधुनिक सुरक्षा प्रौद्योगिकियों और निगरानी प्रणालियों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिया कि तीर्थयात्रियों और अधिकृत यात्रा वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं को बेहतर बनाने के लिए ‘रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन’ (आरएफआईडी) आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी ढंग से उपयोग किया जाए।
भाषा सुमित अमित
अमित

Facebook


