जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में इमाम, मस्जिदें ‘मादक पदार्थों के खिलाफ जंग’ में साथ आए

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में इमाम, मस्जिदें ‘मादक पदार्थों के खिलाफ जंग’ में साथ आए

जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में इमाम, मस्जिदें ‘मादक पदार्थों के खिलाफ जंग’ में साथ आए
Modified Date: April 23, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: April 23, 2026 4:34 pm IST

श्रीनगर, 23 अप्रैल (भाषा) जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले की विभिन्न मस्जिदों के इमाम और प्रबंधन समितियों के सदस्य “मादक पदार्थों के खिलाफ सरकार की लड़ाई” में शामिल हो गए हैं। उन्होंने मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए मस्जिदों और इबादतगाहों का इस्तेमाल करने का फैसला किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने कहा, “मादक पदार्थों के खतरे के खिलाफ एक महत्वपूर्ण सामुदायिक पहल के तहत पूरे अनंतनाग जिले की मस्जिदों ने ऐसे पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध खेती से निपटने के लिए पुलिस के प्रयासों को समर्थन देने की घोषणा की है।”

उन्होंने बताया कि इमामों और मस्जिद समिति के सदस्यों ने सामूहिक नमाज के दौरान और लाउडस्पीकर पर घोषणाओं के माध्यम से जनता से “मादक पदार्थों के खिलाफ जंग” में सक्रिय रूप से हिस्सा लेने और ऐसे पदार्थों, खास तौर पर भांग और अफीम पोस्त की अवैध खेती या उसका समर्थन करने से परहेज करने की अपील की।

अधिकारी के अनुसार, अपील में मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध खेती के सामाजिक, नैतिक एवं कानूनी परिणामों को रेखांकित किया गया। साथ ही परिवारों और समुदाय के सदस्यों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी अधिकारियों को देने का आग्रह किया गया।

भाषा पारुल वैभव

वैभव


लेखक के बारे में