जम्मू कश्मीर: राजौरी में जंगली सब्जी खाने से व्यक्ति की मौत, सात व्यक्ति अस्पताल में भर्ती
जम्मू कश्मीर: राजौरी में जंगली सब्जी खाने से व्यक्ति की मौत, सात व्यक्ति अस्पताल में भर्ती
राजौरी/जम्मू, 16 मई (भाषा) जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में कथित तौर पर एक जंगली सब्जी का सेवन करने के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कोत्रांका उपमंडल के मोहरा गांव से सामने आई है, जहां दो परिवार के सदस्यों ने एक जंगली सब्जी का सेवन किया, जिसके बाद शुक्रवार शाम को उनमें खाद्य विषाक्तता के लक्षण दिखाई देने लगे।
प्रभावित व्यक्तियों को पहले कंडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया और बाद में विशेष उपचार के लिए राजौरी के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मोहम्मद हुसैन (60) नामक एक बुजुर्ग व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दोनों परिवारों के सात अन्य सदस्यों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपचाराधीन व्यक्तियों में ज्यादातर बच्चे हैं।
एक चिकित्सक ने कहा, ‘प्रथम दृष्टया यह खाद्य विषाक्तता का मामला प्रतीत होता है, लेकिन मामले की अभी जांच की जा रही है।’
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा तान्या अमित
अमित

Facebook


