जम्मू कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर सेंट्रल जेल में तलाशी अभियान चलाया, कई डिजिटल उपकरण बरामद
जम्मू कश्मीर पुलिस ने श्रीनगर सेंट्रल जेल में तलाशी अभियान चलाया, कई डिजिटल उपकरण बरामद
श्रीनगर, 25 अप्रैल (भाषा) जम्मू कश्मीर पुलिस की ‘काउंटर इंटेलिजेंस’ शाखा ने शनिवार को आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में श्रीनगर सेंट्रल जेल में तलाशी ली, जिसमें विभिन्न डिजिटल संचार उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह मामला भारतीय दंड संहिता और गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जेल परिसर में संदिग्ध डिजिटल हस्ताक्षरों की मौजूदगी की विश्वसनीय सूचना मिलने पर जेल प्रशासन के साथ समन्वय में तलाशी अभियान चलाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, ‘काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर’ (सीआईके) के अधिकारियों ने तलाशी के दौरान विभिन्न डिजिटल संचार उपकरण और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की।
उन्होंने बताया कि मामले में जांच के लिए बरामद की गई वस्तुओं को फॉरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।
जम्मू कश्मीर पुलिस की विशेष शाखा मामले में सुरक्षा चूक संबंधी जांच कर रही है, जिसकी वजह से उक्त वस्तुएं जेल परिसर में पहुंची।
उन्होंने बताया कि मामले में शामिल मददगारों और सहयोगियों की भूमिका की जांच कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
भाषा प्रचेता दिलीप
दिलीप

Facebook


