झारखंड: अदालत ने लापता बच्ची के मामले में गुमला में तैनात रहे छह एसपी को पेश होने को कहा
झारखंड: अदालत ने लापता बच्ची के मामले में गुमला में तैनात रहे छह एसपी को पेश होने को कहा
रांची, 12 मई (भाषा) झारखंड उच्च न्यायालय ने एक लापता बच्ची के मामले में गुमला के वर्तमान पुलिस अधीक्षक और 2018 से अब तक उस पद पर रहे उनके पूर्ववर्ती अधिकारियों को नौ जून को अदालत के समक्ष उपस्थित होने का मंगलवार को निर्देश दिया।
न्यायालय ने 2018 से इस मामले की जांच से जुड़े सभी जांच अधिकारियों को भी उस दिन अदालत में हाजिर रहने का आदेश दिया।
इस अवधि में गुमला में तैनात रहे कुल छह पुलिस अधीक्षक और कई जांच अधिकारियों को नौ जून को उच्च न्यायालय के समक्ष पेश होना होगा।
गुमला के खोरा गांव निवासी छह वर्षीय बच्ची 2018 से लापता है। बार-बार की कोशिशों के बावजूद जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसकी मां ने 2020 में प्राथमिकी दर्ज कराई और बाद में पिछले साल 19 सितंबर को उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की।
राज्य सरकार के वकील ने अदालत को बताया कि पुलिस अभी तक लापता बच्ची का पता नहीं लगा पाई है। बच्ची की तलाश में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर उसे मुंबई, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू भेजा गया, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चला है।
भाषा
खारी संतोष
संतोष

Facebook


