झारखंड: पुलिस ने लापता तीन बच्चों का सुराग देने पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया
झारखंड: पुलिस ने लापता तीन बच्चों का सुराग देने पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया
रांची, 14 जून (भाषा) झारखंड पुलिस ने उन तीन बच्चों का सुराग देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है जो रांची के धुर्वा इलाके स्थित अपने घरों से लापता हो गए थे। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
ये तीनों बच्चे पिछले 14 दिनों से धुर्वा इलाके से लापता हैं। लापता जुड़वां भाइयों के माता-पिता ने इस संबंध में एक जून को धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
हटिया के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) नीरज कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘तीनों बच्चे अपने घरों से लापता हुए थे और उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हमने उनके बारे में जानकारी देने वाले को 50,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस को जुड़वां भाइयों में से एक के ओडिशा के पुरी जिले में होने का सुराग मिला है, जिसकी पुष्टि के लिए एक टीम को वहां भेजा गया है।’
उन्होंने बताया कि कई थानों को सतर्क कर दिया गया है और पुलिस बच्चों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी भी कर रही है।
इस बीच, सदर थाना क्षेत्र की खोढ़ा कॉलोनी में अपने घर से लापता हुई 18 महीने की बच्ची के बारे में सुराग देने पर इनाम की राशि एक लाख रुपये से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये कर दी गई है।
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने कहा, ‘हमने बच्ची का सुराग देने वाले के लिए इनाम की राशि एक लाख रुपये से बढ़ाकर ढाई लाख रुपये करने का फैसला किया है। तलाशी अभियान अभी जारी है और पुलिस इस मामले में दोबारा सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रही है।’
बच्ची नौ मई से लापता है।
भाषा सुमित अमित
अमित
अमित

Facebook


