झारखंड: तालाब में नहाते समय डूबने से तीन बच्चों की मौत
झारखंड: तालाब में नहाते समय डूबने से तीन बच्चों की मौत
खूंटी, तीन अप्रैल (भाषा) झारखंड के खूंटी जिले में एक तालाब में नहाते समय कथित तौर पर डूबने से दो भाइयों सहित तीन बच्चों की मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार शाम को तोरपा पुलिस थाना क्षेत्र के गाफू बदका टोली गांव में घटी।
तोरपा के एएसपी क्रिस्टोफर केरकेट्टा ने बताया, “मृतकों में छह वर्षीय एक लड़का और आठ और दस वर्षीय दो भाई शामिल हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।”
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि बच्चों की मौत डूबने से हुई है।
उन्होंने कहा, ‘हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का विश्लेषण करने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल सकेगा।’
स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बच्चे स्कूल के बाद सीधे घर नहीं गए, बल्कि नहाने के लिए तालाब में चले गए और डूब गए।
उन्होंने बताया कि अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव

Facebook


