जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने नशीले पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई के आदेश दिए

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने नशीले पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई के आदेश दिए

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने नशीले पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई के आदेश दिए
Modified Date: March 28, 2026 / 08:03 pm IST
Published Date: March 28, 2026 8:03 pm IST

(फाइल फोटो सहित)

जम्मू, 28 मार्च (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश में युवाओं को निशाना बनाने वाले नशीले पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई के शनिवार को निर्देश दिए।

लोक भवन में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में नशा मुक्त भारत अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर के युवाओं को नशे की लत में धकेलने के लिए जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण प्रयास किए जा रहे हैं।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘नशीले पदार्थों की तस्करी और नार्को-आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने के लिए कानून का कड़ाई से क्रियान्वयन, मजबूत रोकथाम उपायों और सावधानीपूर्वक तैयार की गई बहुआयामी कार्य योजना के साथ एक व्यापक, समग्र सरकारी दृष्टिकोण की तत्काल आवश्यकता है।’’

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में मुख्य सचिव अटल डुल्लू, पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव शैलेंद्र कुमार, प्रधान गृह सचिव चंद्राकर भारती, उपराज्यपाल के प्रधान सचिव मनदीप के भंडारी और अन्य वरिष्ठ नागरिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

उपराज्यपाल ने युवाओं को निशाना बनाने वाले तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने जन भागीदारी और नशा मुक्त जम्मू कश्मीर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मादक द्रव्यों के दुरुपयोग के खिलाफ समन्वित कार्रवाई का आह्वान किया।

सिन्हा ने अधिकारियों को खासकर शैक्षिक संस्थानों में मिशन मोड में रोकथाम के कदम लागू करने के निर्देश दिए।

उपराज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों को नशीली दवाओं की लत और तस्करी से संबंधित मामलों की सूचना पुलिस और प्रशासन को देने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में