जोधपुर में बहनों की खुदकुशी के मामले में महिला आयोग ने राज्य सरकार से समयबद्ध जांच को कहा

जोधपुर में बहनों की खुदकुशी के मामले में महिला आयोग ने राज्य सरकार से समयबद्ध जांच को कहा

जोधपुर में बहनों की खुदकुशी के मामले में महिला आयोग ने राज्य सरकार से समयबद्ध जांच को कहा
Modified Date: May 19, 2026 / 04:52 pm IST
Published Date: May 19, 2026 4:52 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने राजस्थान के जोधपुर में खुदकुशी करने वाली दो बहनों से कथित रूप से बार-बार सामूहिक दुष्कर्म करने, उन्हें ब्लैकमेल करने और उनका यौन उत्पीड़न करने की खबरों का स्वत: संज्ञान लिया।

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष विजया राहटकर ने राजस्थान के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले में तत्काल, निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।

आयोग ने सात दिन के भीतर एक विस्तृत ‘कार्रवाई रिपोर्ट’ (एटीआर) मांगी है और प्राथमिकी के प्रावधानों, गिरफ्तारियों, जांच की मौजूदा स्थिति, डिजिटल और फोरेंसिक सबूतों, तथा पीड़ितों के परिवार द्वारा पहले की गई शिकायतों पर पुलिस की कथित निष्क्रियता के बारे में विस्तृत जानकारी देने को कहा है।

महिला आयोग ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राष्ट्रीय महिला आयोग ने राजस्थान के जोधपुर में दो बहनों से कथित रूप से लंबे समय तक सामूहिक दुष्कर्म करने, उन्हें ब्लैकमेल करने, उनका यौन शोषण करने और उसके बाद उनके आत्महत्या कर लेने से जुड़ी मीडिया की बेहद गंभीर खबरों का स्वतः संज्ञान लिया है।’’

इसके अलावा, उसने परिवार को दी जा रही कानूनी सहायता, मनोवैज्ञानिक परामर्श, सुरक्षा और पुनर्वास सहायता के बारे में भी जानकारी मांगी; साथ ही, महिलाओं के खिलाफ यौन अपराधों और ब्लैकमेल से जुड़े ऐसे ही अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में भी पूछा।

घटना की निंदा करते हुए आयोग ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ इस तरह के जघन्य अपराध और किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

खबरों के अनुसार, छोटी बहन-जो एक शादीशुदा महिला और दो बच्चों की मां थी—की शुक्रवार को कथित तौर पर एक पानी की टंकी के ऊपर कीटनाशक पीने से मौत हो गई। उसने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उसके और उसकी बड़ी बहन के साथ यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल करने के आरोपी आठ लोगों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

बड़ी बहन ने 20 मार्च को, कथित तौर पर कई सालों तक शोषण झेलने के बाद आत्महत्या कर ली थी।

खबर में बताया गया है कि पुलिस और परिवार वालों के अनुसार, छोटी बहन ने 11 अप्रैल को एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उसने आठ लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म, आपराधिक धमकी और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी बड़ी बहन के अश्लील वीडियो बनाए थे और कई सालों तक उन वीडियो का इस्तेमाल करके उसका यौन शोषण किया और उससे पैसे ऐंठे।

बड़ी बहन की मौत के बाद, आरोपियों ने कथित तौर पर छोटी बहन को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।

भाषा वैभव नरेश

नरेश


लेखक के बारे में