कर्नाटक भाजपा ने बिदादी उपनगर परियोजना रोकने के लिए राहुल के हस्तक्षेप की मांग की
कर्नाटक भाजपा ने बिदादी उपनगर परियोजना रोकने के लिए राहुल के हस्तक्षेप की मांग की
बेंगलुरु, 14 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पत्र लिखकर बिदादी में ‘ग्रेटर बेंगलुरु इंटीग्रेटेड टाउनशिप’ (जीबीआईटी) परियोजना के लिए कृषि भूमि के प्रस्तावित अधिग्रहण के मामले में दखल देने का आग्रह किया।
यह उपनगर बेंगलुरु दक्षिण जिले में बिदादी के बाहरी इलाके में बनाया जाएगा।
शिकारीपुरा से विधायक विजयेंद्र ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर “हजारों किसानों की चिंताओं को नजरअंदाज करने” का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि वह यह पत्र इसलिए लिख रहे हैं, क्योंकि राज्य सरकार उन किसान परिवारों की शिकायतों को दूर करने में “नाकाम” रही है, जिनकी जमीन बेंगलुरू दक्षिण जिले में बिदादी और हारोहल्ली के बीच लगभग 7,481 एकड़ में फैली उपनगरीय परियोजना के लिए अधिग्रहित की जानी है।
विजयेंद्र ने आरोप लगाया कि यह परियोजना “जमीन हड़पने की राज्य सरकार की साजिश” है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी को ध्यान देना चाहिए, क्योंकि वह किसानों के जमीन के अधिकारों की सार्वजनिक रूप से वकालत करते आए हैं।
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत

Facebook


