कर्नाटक उपचुनाव : कांग्रेस सचिव की रिपोर्ट के आधार पर नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही
कर्नाटक उपचुनाव : कांग्रेस सचिव की रिपोर्ट के आधार पर नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही
चिकमगलुरु (कर्नाटक), 12 अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने रविवार को कहा कि दावणगेरे दक्षिण उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार को हराने के लिए ‘‘साजिश’’ के आरोपों के बाद कांग्रेस सचिव की रिपोर्ट के आधार पर पार्टी के कुछ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस संबंध में उनके राजनीतिक सचिव इस्तीफा दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है, जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार ने पार्टी के अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष के. अब्दुल जब्बार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया। कांग्रेस के मुस्लिम नेताओं के एक समूह द्वारा पार्टी के वरिष्ठ सदस्यों पर साजिश का आरोप लगाने के एक दिन बाद जब्बार ने शनिवार को अपने इस्तीफे की घोषणा की।
विधान परिषद के सदस्य (एमएलसी) जब्बार दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट पाने के इच्छुक थे, लेकिन यह टिकट दिवंगत विधायक शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते समर्थ मल्लिकार्जुन को मिला।
शिवशंकरप्पा के निधन के बाद इस सीट पर नौ अप्रैल को उपचुनाव कराया गया।
सिद्धरमैया ने परिणाम आने से पहले ही पार्टी के भीतर इस्तीफे के बारे में एक सवाल पर कहा, ‘‘आलाकमान ने दावणगेरे दक्षिण सीट पर उपचुनाव के लिए प्रभारी के रूप में एक कांग्रेस सचिव को नियुक्त किया और उनकी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।’’
यह पूछे जाने पर कि क्या एमएलसी नसीर अहमद मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव पद से इस्तीफा दे सकते हैं, तो सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘हां, उन्होंने अभी तक अपना इस्तीफा नहीं दिया है। मुझे लगता है कि वह इस्तीफा दे सकते हैं।’
इस सवाल पर कि क्या कांग्रेस दावणगेरे दक्षिण में परिणाम घोषित होने से पहले ही हार मान रही है, मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने कहां हार मान ली है? अगर कार्रवाई की जा रही है, तो क्या इसका मतलब यह है कि हम हार जाएंगे? सलीम अहमद और अन्य का कहना है कि हमारे अपने नेता ही पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल थे।’’
सिद्धरमैया ने कहा, ‘‘उन्होंने यह नहीं कहा है कि हम दल-विरोधी गतिविधियों के कारण हारेंगे। दल-विरोधी गतिविधियों के बावजूद, हम जीतेंगे।’’
दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के एक दिन बाद शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस के भीतर दरार पैदा हो गई, क्योंकि मुस्लिम नेताओं के एक समूह ने दावणगेरे दक्षिण में पार्टी के उम्मीदवार को हराने के लिए कुछ वरिष्ठ नेताओं द्वारा ‘साजिश’ रचने का आरोप लगाया।
इस निर्वाचन क्षेत्र में अल्पसंख्यक समुदाय की अच्छी खासी आबादी है।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश

Facebook


