कर्नाटक: जिम ट्रेनर पिटा; पुलिस ने कहा- पारिवारिक विवाद, ‘लव जिहाद’ नहीं
कर्नाटक: जिम ट्रेनर पिटा; पुलिस ने कहा- पारिवारिक विवाद, ‘लव जिहाद’ नहीं
हुबली (कर्नाटक), तीन अप्रैल (भाषा) कर्नाटक के हुबली में एक लड़की के साथ प्रेम संबंध रखने की वजह से एक जिम ट्रेनर को एक समूह ने शुक्रवार को उठा लिया और उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना ओल्ड हुबली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।
पुलिस ने बताया कि हमले में घायल हुए युवक की पहचान समीर मुल्ला (23) के रूप में हुई है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
शहर के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि यह घटना दो परिवारों के बीच व्यक्तिगत विवाद से उपजी थी और इसका ‘लव जिहाद’ से कोई संबंध नहीं था।
हिंदुत्व संगठनों ने इसे ‘लव जिहाद’ करार दिया था।
कुमार ने मीडिया को बताया कि सुबह आठ से नौ बजे के बीच कुछ लोग युवक के घर गए और उनके बीच झड़प हो गई। उन्होंने बताया कि झड़प के दौरान युवक को वहां से उठा लिया गया और बाद में थाने लाया गया।
पुलिस आयुक्त ने कहा, ‘‘पता चला कि यह मामला युवक और लड़की के बीच प्रेम संबंध से जुड़ा था। लड़की के परिवार वाले उस व्यक्ति को धमकाने आए थे।”
उन्होंने बताया कि युवक को उठा ले जाने के बाद उसके (युवक के) परिजन लड़की के घर गए और वहां भी झड़प हुई।
पुलिस उपायुक्त ने कहा, “दोनों तरफ से झड़प हुई थी। उस व्यक्ति को बचा लिया गया है और उसका इलाज किया जा रहा है।”
समीर की बहन तैसीम मुल्ला ने आरोप लगाया कि उसके भाई को अगवा कर लिया गया और एक समूह द्वारा उसके साथ मारपीट की गई।
तैसीम मुल्ला ने इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उसके अनुसार, समीर और लड़की पिछले तीन साल से रिश्ते में थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि घटना से पहले दोनों की तस्वीरें और वीडियो एक ग्रुप में प्रसारित किए गए।
‘लव जिहाद’ के आरोपों का खंडन करते हुए उन्होंने कहा कि परिवार सभी धर्मों का सम्मान करता है और केवल अपने भाई के लिए न्याय चाहता है।
‘लव जिहाद’ शब्द का उपयोग दक्षिणपंथी समूह मुस्लिम पुरुषों द्वारा हिंदू महिलाओं को प्रेम संबंधों और विवाह के जाल में फंसाकर उन्हें इस्लाम में परिवर्तित करने की साजिश का आरोप लगाने के लिए किया जाता है।
हालांकि, लड़की की मां राजेश्वरी ने आरोप लगाया कि समीर और उसके परिवार ने उसकी बेटी को ‘‘सम्मोहित करने के बाद उसका उत्पीड़न’’ किया।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश

Facebook


