केरल: आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि का स्वागत किया, कहा- यूडीएफ ने अपना वादा निभाया

केरल: आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि का स्वागत किया, कहा- यूडीएफ ने अपना वादा निभाया

केरल: आशा कार्यकर्ताओं ने मानदेय में वृद्धि का स्वागत किया, कहा- यूडीएफ ने अपना वादा निभाया
Modified Date: May 19, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: May 19, 2026 4:54 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 19 मई (भाषा) मासिक मानदेय बढ़ाकर 21,000 रुपये करने की मांग को लेकर लंबे समय से क्रमिक विरोध प्रदर्शन कर रही आशा कार्यकर्ताओं के एक समूह ने मंगलवार को केरल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री वी डी सतीशन का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उनके मासिक मानदेय में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी की है।

मानदेय बढ़ाने का यह फैसला सोमवार को शपथ लेने वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार की मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में लिया गया। इस वृद्धि के बाद अब आशा कार्यकर्ताओं को हर महीने 12,000 रुपये का मानदेय मिलेगा।

आशा कार्यकर्ता विरोध समिति की नेताओं एम ए बिंदु और एस मिनी ने यहां मीडिया से कहा कि वे अपने ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन की जीत के उपलक्ष्य में सचिवालय के सामने एक बड़ी सभा आयोजित करेंगी।

बिंदु ने संवाददाताओं से कहा, ‘जब वी डी सतीशन विपक्ष के नेता थे, तब उन्होंने हमारे धरना स्थल पर आकर आश्वासन दिया था कि 2026 में यूडीएफ के सत्ता में आने पर मंत्रिमंडल की पहली ही बैठक में हमारी समस्या का समाधान किया जाएगा। कल उन्होंने अपना वादा निभाया और हमारे मानदेय में 3,000 रुपये की बढ़ोतरी कर दी। उन्होंने यह भी कहा है कि मासिक मानदेय को 21,000 रुपये करने की हमारी मांग को चरणों में पूरा किया जाएगा।’

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह उचित समय पर सेवानिवृत्ति लाभों से जुड़ी उनकी मांगों पर भी विचार करेंगे।

भाषा सुमित दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में