केरल : मलप्पुरम में यात्री के अपहरण और सोने की लूट का प्रयास विफल; 13 गिरफ्तार
केरल : मलप्पुरम में यात्री के अपहरण और सोने की लूट का प्रयास विफल; 13 गिरफ्तार
मलप्पुरम (केरल), आठ जून (भाषा) केरल के मलप्पुरम जिले के पास करिपुर हवाई अड्डे पर विदेश से आए एक व्यक्ति का अपहरण करने और उससे सोना और नकदी लूटने के कथित प्रयास को पुलिस ने विफल कर दिया है और 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने सूचना मिलने पर कार्रवाई करते हुए रविवार रात करीब 10 बजे करिपुर हवाई अड्डे के परिसर से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरोह द्वारा कथित तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली दो कार और दो मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है। प्राथमिकी के अनुसार यात्री की पहचान सुबैर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोग केरल के कन्नूर, मलप्पुरम और कोझिकोड जिलों और कर्नाटक के कोडगु जिले के मूल निवासी थे। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि इस साजिश में और भी सदस्य शामिल थे और हवाई अड्डे पर पुलिस कर्मियों की मौजूदगी को भांपते ही वे भाग गए थे। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि गिरोह के पास सुबैर की तस्वीरें और अन्य विवरण मौजूद थे। पुलिस ने कहा कि वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या यात्री तस्करी का सोना ले जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि अतीत में करिपुर हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी के संदिग्धों के अपहरण और सोने और नकदी की लूट से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं। भाषा .
तान्या वैभववैभव

Facebook


