केरल: मुख्यमंत्री ने विधायक यू. प्रतिभा के खिलाफ यूडीएफ नेता की टिप्पणी की निंदा की

केरल: मुख्यमंत्री ने विधायक यू. प्रतिभा के खिलाफ यूडीएफ नेता की टिप्पणी की निंदा की

केरल: मुख्यमंत्री ने विधायक यू. प्रतिभा के खिलाफ यूडीएफ नेता की टिप्पणी की निंदा की
Modified Date: March 25, 2026 / 09:40 pm IST
Published Date: March 25, 2026 9:40 pm IST

तिरुवनंतपुरम/अलप्पुझा, 25 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बुधवार को कायमकुलम की मौजूदा विधायक और नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की उम्मीदवार यू. प्रतिभा के खिलाफ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की नेता की टिप्पणियों की निंदा की।

इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता और यूडीएफ की कायमकुलम इकाई के संयोजक ए. इरशाद ने एक चुनावी सभा के दौरान दावा किया कि प्रतिभा तीसरी बार इस सीट से जीत हासिल करने के लिए अपनी वाक्पटुता और सुंदरता का ‘इस्तेमाल’ कर रही हैं।

उन्होंने प्रतिभा पर जनता के लिए कोई काम न करने का आरोप भी लगाया।

मुख्यमंत्री ने इरशाद की टिप्पणियों को “महिला-विरोधी और अपमानजनक” बताते हुए कहा कि किसी महिला पर सिर्फ इसलिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना कि वह एक लोक सेवक है, “राजनीतिक संस्कृति का पतन” है।

विजयन ने मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान में दावा किया कि दक्षिणपंथी दल प्रतिभा द्वारा अपने निर्वाचन क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों और हस्तक्षेपों का राजनीतिक रूप से सामना करने में असमर्थ होने के कारण इस तरह के “चरित्र हनन” का सहारा ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे उदाहरण विपक्ष के नेता और यूडीएफ के “पाखंड को उजागर करते हैं”, जो हमेशा पीड़ित के साथ होने का दावा करते हैं लेकिन उसके विपरीत रुख अपनाते हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह किसी एक व्यक्ति पर हमला नहीं बल्कि जनता के साथ काम करने वाली सभी महिलाओं का अपमान था।

उन्होंने कहा कि केरल हमेशा से महिलाओं की गरिमा और अधिकारों की रक्षा के वामपंथी रुख के साथ खड़ा रहा है।

इस बीच, प्रतिभा ने कहा कि वह निर्वाचन आयोग को सूचित करने के बाद लीग के नेता की टिप्पणियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करेंगी।

उन्होंने कहा कि ये टिप्पणियां उस पार्टी की ओर से आई हैं, जिसका नेतृत्व अतीत में इंदिरा गांधी जैसी महिलाओं ने किया और जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा जैसी महत्वपूर्ण राजनेता हैं।

इससे पहले प्रतिभा ने कहा, “इन टिप्पणियों को सुनकर मैं स्तब्ध रह गई। अपने राजनीतिक जीवन के इतने वर्षों में मैंने कभी भी अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार के बारे में बुरा नहीं कहा है। मैंने किसी का चरित्र हनन नहीं किया। उन्होंने (इरशाद ने) जो शब्द इस्तेमाल किए हैं, वे चरित्र हनन से कहीं बढ़कर हैं।”

प्रतिभा ने कहा कि किसी भी संगठन द्वारा किसी भी महिला या उम्मीदवार का इस तरह अपमान नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि विधायक ने जनता के प्रतिनिधि के रूप में कुछ भी नहीं किया है।

इरशाद ने कहा,“अब वह (प्रतिभा) अपनी वाक्पटुता और सुंदरता का इस्तेमाल करके फिर से इस निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल करने की कोशिश कर रही हैं।”

उन्होंने लोगों से यूडीएफ उम्मीदवार एम. लिजू को वोट देने का आग्रह किया ताकि प्रतिभा को तीसरी बार इस निर्वाचन क्षेत्र से जीतने से रोका जा सके।

एलडीएफ विधायक प्रतिभा ने 2016 और 2021 में विधानसभा चुनाव में कायमकुलम सीट पर जीत हासिल की थी।

भाषा जितेंद्र रंजन

रंजन


लेखक के बारे में