केरल में लगातार बना हुआ है पराबैंगनी विकिरण का उच्च स्तर
केरल में लगातार बना हुआ है पराबैंगनी विकिरण का उच्च स्तर
तिरुवनंतपुरम, 25 अप्रैल (भाषा) केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने शनिवार को बताया कि राज्य भर में पराबैंगनी विकिरण (यूवी रेडिएशन) का उच्च स्तर दर्ज किया जा रहा है।
प्राधिकरण द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पथनामथिट्टा के कोन्नी, अलाप्पुझा के चेंगन्नूर, कोट्टायम के चांगनास्सेरी और इडुक्की के मुन्नार में यूवी रेडिएशन का स्तर आठ से ऊपर दर्ज किया गया।
प्राधिकरण ने बताया कि इनके लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, राज्य भर में 10 स्थानों पर यूवी रेडिएशन का स्तर छह से सात के बीच दर्ज किया गया और इन स्थानों के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया। प्राधिकरण द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को भी यूवी रेडिएशन स्तर इसी प्रकार का था।
प्राधिकरण ने कहा कि पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच यूवी किरणों का स्तर काफी अधिक रहता है, इसलिए लोगों को इन घंटों के दौरान धूप में निकलने से बचना चाहिए, क्योंकि लंबे समय तक इन किरणों के लगातार संपर्क में रहने से ‘सनबर्न’, त्वचा संबंधी रोग, आंखों की बीमारियां और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।
प्राधिकरण ने बाहर काम करने वाले लोग, मछुआरे, जल परिवहन कर्मी, पर्यटक, त्वचा रोग से पीड़ित लोग, एल्बिनिज्म से ग्रस्त लोग, कैंसर रोगी और कम रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


